
भागलपुर: अलीगंज स्थित सरोज एंटरप्राइजेज यामाहा शोरूम की ओर से मंगलवार को Yamaha RayZR 125 Fi Hybrid स्कूटर माइलेज चैलेंज का आयोजन किया गया। इसमें 25 महिला राइडर्स ने हिस्सा लेकर स्कूटर की ईंधन बचत क्षमता और आधुनिक हाइब्रिड तकनीक का अनुभव किया। प्रतियोगिता में एक प्रतिभागी ने 70 किलोमीटर प्रति लीटर (kmpl) का माइलेज हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य यामाहा स्कूटर की माइलेज क्षमता को प्रदर्शित करने के साथ ही लोगों को ईंधन की बचत और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। खास बात यह रही कि कई महिला प्रतिभागी गंगा नदी पार कर जहाज से भागलपुर पहुंचीं और पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में शामिल हुईं।
ब्रीफिंग के बाद शुरू हुई राइड
प्रतियोगिता की शुरुआत सभी प्रतिभागियों के ब्रीफिंग सेशन से हुई। इस दौरान उन्हें सुरक्षित और कुशल राइडिंग के तरीके तथा निर्धारित रूट की जानकारी दी गई। इसके बाद स्कूटरों में ईंधन भरकर राइड शुरू की गई। प्रतिभागियों ने शहर के ट्रैफिक, चढ़ाव-उतार और खुली सड़कों वाले मार्ग पर 10 किलोमीटर की दूरी तय की।
इस दौरान महिला राइडर्स को स्कूटर के सस्पेंशन, ब्रेकिंग, एक्सीलरेशन, पिकअप और चलाने में आसानी का अनुभव भी मिला। राइड पूरी होने के बाद स्कूटरों में दोबारा ईंधन भरकर खपत की मात्रा दर्ज की गई और उसी आधार पर माइलेज की गणना की गई।
विजेताओं को नकद पुरस्कार और उपहार
प्रतियोगिता में 70 kmpl माइलेज के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 3,100 रुपये नकद और उपहार दिया गया। दूसरे स्थान पर 68 kmpl माइलेज हासिल करने वाली प्रतिभागी को 2,100 रुपये और तीसरे स्थान पर 65 kmpl माइलेज पाने वाली प्रतिभागी को 1,100 रुपये नकद के साथ उपहार प्रदान किया गया। चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाली प्रतिभागियों को सुरक्षा हेलमेट और उपहार दिए गए। अन्य प्रतिभागियों ने भी 50 kmpl से अधिक माइलेज दर्ज किया और सभी को प्रोत्साहन उपहार मिले।

यामाहा डीलर रवि अग्रवाल और कंपनी के एरिया सर्विस मैनेजर विवेक सिंह ने बताया कि इस तरह के आयोजन से स्कूटर की माइलेज क्षमता को व्यावहारिक रूप से समझने और महिलाओं को राइडिंग के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर मिलता है। माइलेज की जांच कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक सेन ने की।
आयोजन के अंत में सरोज एंटरप्राइजेज यामाहा ने सभी प्रतिभागियों और आगंतुकों का आभार जताया। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने और ईंधन बचाने का संदेश दिया।






