
भागलपुर। शहर के नया बाजार स्थित सखीचंद घाट पर रविवार (1 नवंबर) को दोपहर 2 बजे नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर गणमान्य लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी मुकेश यादव ने की, जबकि संचालन डॉ. पवन ने किया। मुख्य अतिथि वार्ड 18 की पार्षद कुमकुम देवी एवं विशिष्ट अतिथि जोगसर थानाध्यक्ष विनोद कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में युवा वर्ग के बीच चरस, गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन पर गंभीर चिंता जताई गई। सामाजिक स्तर पर नशे के कारोबार से जुड़े होने की आशंका वाले चार घरों को चिह्नित कर संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया गया।
पार्षद कुमकुम देवी ने कहा कि नशे की लत से युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसे रोकने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होना होगा। वहीं, थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने उपस्थित लोगों को किसी भी प्रकार का नशा नहीं करने की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। समाजसेवी मुकेश यादव ने कहा कि समय रहते नशे के बढ़ते प्रचलन पर रोक नहीं लगी तो आने वाली पीढ़ी भी प्रभावित होगी। उन्होंने 11 सदस्यीय निगरानी समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित लोगों ने समर्थन किया। बैठक में दर्जनों महिला-पुरुष शामिल हुए।







