
भागलपुर: कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान भागलपुर के कृषि भवन मतदान केंद्र पर बीजेपी और जन सुराज समर्थकों के बीच नोकझोंक हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जन सुराज समर्थकों ने आरोप लगाया कि एनडीए प्रत्याशी डॉ. एनके यादव की पत्नी बीना यादव मतदाताओं के बीच प्रत्याशी की तस्वीर लगी डायरी बांट रही थीं। जन सुराज समर्थकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
वहीं, बीना यादव ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी हार से बौखलाए हुए हैं। घटना की सूचना के बाद मतदान केंद्र पर तैनात सुरक्षा जवानों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और मतदान प्रक्रिया जारी रही।
चुनाव के दौरान हुई इस घटना को लेकर केंद्र पर कुछ देर तक गहमागहमी बनी रही। मामले में दोनों पक्षों के बयान सामने आए हैं।






