
भागलपुर: जिला शिक्षा विभाग में फर्जी विशिष्ट शिक्षिका की आईडी बनाकर 98.12 लाख रुपये के कथित गबन मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। निदेशक प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (आरडीडीई) सुभाष कुमार गुप्ता ने स्थापना शाखा के निम्न वर्गीय लिपिक जफर अली को निलंबित कर दिया है। वहीं, तत्कालीन डीपीओ स्थापना शशि चंदन चौधरी के विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित किया गया है।
आरडीडीई के अनुसार, फर्जी आईडी बनाने में जफर अली की मेकर आईडी का इस्तेमाल हुआ था। आरोप है कि ऑपरेटर अविनाश राज ने बैकडेट में ऑनबोर्डिंग कर तनुश्री नाम से फर्जी शिक्षिका की आईडी बनाई, जिसके माध्यम से वेतन भुगतान किया गया। हालांकि, विभागीय सूत्रों के मुताबिक जफर अली को अपनी मेकर आईडी की जानकारी नहीं थी। इसकी भी जांच जरूरी है।
इससे पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदन कुमार और तत्कालीन डीपीओ शशि चंदन चौधरी निलंबित हो चुके हैं। लिपिक शिशिर कुमार झा फरार बताए जा रहे हैं, जबकि ऑपरेटर अविनाश राज जेल में बंद है। मामले में विभिन्न अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की जांच जारी है।








