
भागलपुर। विजयादशमी के अवसर पर भागलपुर में दुर्गा पूजा का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सजे-धजे पंडाल, जगमगाती रोशनी और शंख-घंटियों की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
इतिहास विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रवि शंकर कुमार चौधरी ने बताया कि दुर्गा पूजा नारी शक्ति का प्रतीक है। यह पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है। विजयादशमी बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक है। इस दिन भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की स्मृति में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन भी किया जाता है।

इधर, मंदरोजा दुर्गा मंदिर के मेढ़पति रोहित रजक ने बताया कि गुरुवार को दिन के तीन बजे मां दुर्गा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। मंदिर में भक्तों की आवाजाही जारी है और लोग मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
शारदीय नवरात्र के दौरान नाथनगर के महाशय ड्योढ़ी दुर्गा मंदिर, बाबा मनसकामनानाथ मंदिर, तैलिक दुर्गा स्थान और स्वर्णकार दुर्गा स्थान सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी जा रही है। वहीं, कचहरी चौक स्थित सत्कार क्लब, मारवाड़ी पाठशाला, मुंदीचक गढ़ैया, आदमपुर चौक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, भीखनपुर और मंदरोजा के पूजा पंडालों में भी भक्तों का तांता लगा है।
मां दुर्गा के जयकारों से गूंजते मंदिर और पंडाल आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं की जीवंत तस्वीर पेश कर रहे हैं।








