डॉ. शाहिद व प्रो. अर्चना को सम्मानित करते पूर्व कुलपति

भागलपुर। मुंगेर विश्वविद्यालय में मानविकी संकाय के डीन बनाए जाने पर उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शाहिद रज़ा जमाल को सफाली युवा क्लब की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं, इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना साह को सामाजिक विज्ञान संकाय का डीन नियुक्त किए जाने पर सम्मान दिया गया। इस अवसर पर 18 अक्टूबर 2026 को सराय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों शिक्षाविदों की शैक्षणिक उपलब्धियों, सामाजिक योगदान और सफाली युवा क्लब के साथ उनके जुड़ाव की सराहना की गई।
डॉ. अर्चना साह ने अपने संबोधन में सफाली युवा क्लब के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था लोगों का हौसला बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का काम करती है। उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा, “आसमान में उड़ने के लिए पंखों से ज्यादा हौसले की जरूरत होती है।” उन्होंने आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही, लोगों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, डॉ. शाहिद रज़ा जमाल ने सफाली युवा क्लब के अध्यक्ष डॉ. फारूक अली के व्यक्तित्व और कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. अली का सहज व्यवहार और आत्मीयता लोगों को उनसे जुड़ने का अवसर देती है। उनके अनुसार, किसी भी संस्था की असली ताकत आपसी सहयोग, मानवीय संबंधों और लोगों के प्रति अपनापन बनाए रखने में होती है।
कार्यक्रम का संचालन सफाली युवा क्लब के अध्यक्ष डॉ. फारूक अली ने किया। उन्होंने दोनों शिक्षाविदों की उपलब्धियों और शैक्षणिक योगदान की चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा, सद्भाव और सामाजिक बदलाव के लिए काम करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना आवश्यक है। ऐसे आयोजन समाज के अन्य लोगों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
समारोह की अध्यक्षता उर्दू गर्ल्स हाई स्कूल के पूर्व प्राचार्य सबीह फैज़ ने की। उन्होंने दोनों शिक्षाविदों को मिली नई जिम्मेदारियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता मो. उमर फारूक, सैयद फैय्याज, मो. मंजर आलम, महबूब आलम, मो. इम्तियाज, छोटू कुमार चंदन, मो. रेहान, सैयद जियाउल हक और रूपा कुमारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। अंत में गुलअफशा परवीन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Share Now ➤

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *