13वें भागलपुर रंग महोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक

भागलपुर। सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का भव्य संगम देखने को मिलेगा। 24 से 26 दिसंबर तक आयोजित होने वाले 13वें भागलपुर रंग महोत्सव 2026 में देश के 11 राज्यों के कलाकार अपनी लोककला, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विविधता की छटा बिखेरेंगे।
संस्कृति के पक्ष में रंग ग्राम जन संस्कृति मंच के बैनर तले आयोजित होने वाले इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजन समिति की बैठक दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और महोत्सव को भव्य बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से 24 से 26 दिसंबर तक महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
महोत्सव में मणिपुर, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कलाकार भाग लेंगे। इस दौरान अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, स्थानीय नाटक, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और मंजूषा पेंटिंग जैसी विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी।
मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील कुमार रंग ने बताया कि महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रंग जुलूस होगा। इसमें कलाकार पारंपरिक वेशभूषा और लोककलाओं के माध्यम से शहरवासियों को देश की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएंगे। बाहर से आने वाले कलाकारों के आवासन, भोजन और सुरक्षा की जिम्मेदारी आयोजन समिति संभालेगी।
बैठक में कौशल किशोर सिंह, कपिलदेव रंग, विनोद कुमार रंजन, रवि कुमार सिंह, मोहम्मद तकी अहमद जावेद, तरुण घोष, राजीव राज सिंह, अंजलि घोष, सत्येंद्र भास्कर, निर्भय कुमार सिंह, हरेन्दर कुमार सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
तीन दिवसीय यह आयोजन भागलपुर को राष्ट्रीय सांस्कृतिक मंच पर नई पहचान देने के साथ रंगमंच और लोककलाओं को प्रोत्साहित करने का अवसर बनेगा।

Share Now ➤

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *