
शहर में सफाई व्यवस्था और जिम्मेदारी को लेकर भागलपुर नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। गनीचक के पास अमरपुर-भागलपुर मुख्य मार्ग पर करीब दो महीने से चार हाईवा से अधिक कचरा जमा है। सड़क किनारे कचरे का पहाड़ खड़ा है, दुर्गंध से राहगीर परेशान हैं। इसके बावजूद कचरे का उठाव नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि क्या नगर निगम की सीमा में बिना अनुमति कचरा डंप किया जा सकता है और शिकायत मिलने के बाद भी प्रशासन मौन क्यों है। जिस जगह कचरा फेंका जा रहा है, उसके एक तरफ नगर निगम का वार्ड 39 और दूसरी तरफ हबीबपुर नगर पंचायत का क्षेत्र है। इसी सीमा विवाद के बीच सफाई की जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है और आम लोग गंदगी झेलने को मजबूर हैं।
स्थानीय पार्षद शाहिदा खातून के अनुसार, हबीबपुर नगर पंचायत को कई बार नगर निगम क्षेत्र में कचरा नहीं गिराने के लिए कहा गया है। नगर निगम स्वास्थ्य शाखा के प्रभारी ने भी इस संबंध में नगर पंचायत प्रशासन से आग्रह किया था। वहीं पार्षद प्रतिनिधि मिंटू कुरैशी ने मामले को नगर आयुक्त के समक्ष गंभीरता से उठाने की बात कही है। स्थानीय निवासी हारीश फरीद खान उर्फ रूमी ने भी नगर निगम क्षेत्र में कचरा गिराए जाने पर आपत्ति जताई। उनका आरोप है की नगर आयुक्त और डिप्टी मेयर को समस्या से अवगत कराया जा चुका लेकिन फिर भी समस्या का समाधान अब तक नहीं हो स्का है।

अब सवाल नगर निगम प्रशासन से है कि शिकायतों के बावजूद कचरा डंप करने पर रोक लगाने, जिम्मेदारी तय करने और जमा कचरे का उठाव कराने के लिए ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई। सीमा विवाद सुलझाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, जनता को गंदगी और दुर्गंध के हवाले छोड़ना नहीं। स्थानीय लोगों ने दोनों निकायों से तत्काल सफाई और स्थायी समाधान की मांग की है।
Share Now ➤





