
भागलपुर। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से पुराने खिलाड़ियों ने अनूठी पहल शुरू की है। अब हर रविवार को क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के युवा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
इसी कड़ी में रविवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक हबीबपुर के करोड़ी बाजार स्टेडियम में दो टीमों के बीच रोमांचक क्रिकेट मुकाबला खेला गया। मुकाबले में मोहम्मद लिली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मोहम्मद मजहर की टीम को 10 रनों से पराजित कर जीत हासिल की।
इस प्रतियोगिता में मोहम्मद पप्पू, मोहम्मद ताज, मोहम्मद कामरान आलम उर्फ गुड्डू, मोहम्मद तारा, मोहम्मद खाबर, मोहम्मद लाडले, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद कमर, मोहम्मद मुनाजिर करीम समेत कई पुराने खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने भाग लिया।

मोहम्मद लिली ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक है, बल्कि युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है और युवाओं के भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का रास्ता तैयार किया जा सकता है।
अब हर रविवार क्रिकेट के मैदान पर दिखेगा जुनून, अनुभव और नई पीढ़ी का उत्साह।







