
भागलपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर इंडियन डेंटल एसोसिएशन अंग प्रदेश भागलपुर ने लोगों को डायबिटीज और मुंह की सेहत के बीच गहरे संबंध को लेकर जागरूक किया है। एसोसिएशन के सचिव एवं शारदा डेंटल केयर, भागलपुर के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि मधुमेह के मरीज ब्लड शुगर नियंत्रित रखने के साथ-साथ अपने दांतों और मसूड़ों की सेहत का भी विशेष ध्यान रखें।
डायबिटीज का असर केवल शरीर में शुगर के स्तर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह दांतों और मसूड़ों को भी प्रभावित कर सकती है। अनियंत्रित ब्लड शुगर के कारण मसूड़ों में संक्रमण, सूजन और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, गंभीर मसूड़ों की बीमारी ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में भी परेशानी पैदा कर सकती है। इस तरह डायबिटीज और मसूड़ों की बीमारी के बीच दोतरफा संबंध है।

शारदा डेंटल केयर के एमडीएस पीरियडॉन्टिस्ट डॉ. शुभांकर कुमार सिंह ने बताया कि डायबिटीज के मरीजों में मसूड़ों से खून आना, सूजन, मुंह से दुर्गंध, दांतों का हिलना और मसूड़ों में संक्रमण जैसी समस्याएं देखने को मिल सकती हैं। उन्होंने कहा कि केवल ब्लड शुगर की नियमित जांच पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय-समय पर डेंटल चेकअप कराना भी बेहद जरूरी है।
डॉ. सिंह ने सलाह दी कि मधुमेह के मरीज दिन में दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करें, नियमित रूप से दांतों और मसूड़ों की जांच कराएं तथा मसूड़ों से खून आने को सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। साथ ही चिकित्सकीय सलाह के अनुसार ब्लड शुगर नियंत्रित रखें, जरूरत पड़ने पर पीरियडॉन्टल ट्रीटमेंट कराएं और धूम्रपान व तंबाकू से दूरी बनाएं।
उन्होंने कहा कि डायबिटीज के मरीजों को अपने डेंटिस्ट और डायबिटीज विशेषज्ञ के साथ समन्वय बनाकर समग्र स्वास्थ्य की देखभाल करनी चाहिए।







