
भागलपुर। 30 सितंबर से विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात और फेरी सेवा की तैयारियों की जानकारी दी है। डीएम अलंकृता पाण्डेय ने समीक्षा भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
डीएम ने बताया कि यात्रियों के लिए बियाडा घाट से फेरी सेवा संचालित की जाएगी, जबकि सबौर के बाबूपुर घाट से कार्गो का आवागमन होगा। निर्माण कार्य और भारी मशीनरी की मौजूदगी के कारण बरारी घाट से फेरी सेवा की अनुमति नहीं दी गई है।
प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों पर यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए हैं। घाटों पर मेडिकल कैंप, जीविका दीदी की रसोई, कंट्रोल रूम, आपदा मित्र और पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।
यात्रियों की सहायता के लिए जिला इमरजेंसी कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। समस्या या जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 0641-2402871 पर संपर्क किया जा सकता है।






