
भागलपुर तातारपुर थाना क्षेत्र के लालकोठी में पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और धमकी के आरोपों तक पहुंच गया। मामले में सुमित कुमार ने तातारपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
सुमित के अनुसार, लालकोठी में उनका नया मकान बन रहा है। सोमवार शाम करीब साढ़े 5 बजे उनके भतीजे ने फोन कर बताया कि पानी खत्म हो गया है और पड़ोस में रहने वाले लोग पानी देने से मना कर रहे हैं। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पानी लेने को लेकर संजीव कुमार मंडल उर्फ संजू मंडल से विवाद हुआ। सुमित ने केस वापस लेने का दबाव बनाने और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

आवेदन में अजय मिश्रा और उसके सहयोगियों का भी जिक्र किया गया है। सुमित का आरोप है कि पूर्व से दर्ज मामले को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है और लालकोठी स्थित मकान छोड़कर जाने की धमकी दी जा रही है।
सुमित के मुताबिक, मारपीट की सूचना पर उनके भाई संदीप कुमार राय लाइसेंसी हथियार लेकर मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग भाग गए। सुमित का कहना है कि हथियार आत्मरक्षा के उद्देश्य से लाया गया था। पुलिस मामले की CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






