
भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के बेली ब्रिज को बंद किए जाने को लेकर ईबीआइए के पीआरओ सुमित कुमार जैन ने व्यापारिक गतिविधियों पर असर की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज भागलपुर की लाइफलाइन है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों से ठीक पहले इसके बंद होने से शहर के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
सुमित जैन के अनुसार, त्योहारी सीजन में नवगछिया की ओर से आने वाले ग्राहकों के साथ माल परिवहन भी प्रभावित होने की संभावना है। इससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल इस स्थिति को लेकर चिंतित है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि तकनीकी जांच में पुल की स्थिति कमजोर पाई गई है और तत्काल मरम्मत जरूरी है, तो जन-सुरक्षा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता।








