
बांका जिले के फुल्लीडूमर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय ने उच्च शिक्षा को ग्रामीण युवाओं की पहुंच तक ले जाने की अनूठी पहल शुरू की है। बुधवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपू महतो के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम ने फुल्लीडूमर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर ‘प्राध्यापक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।

इस दौरान प्राचार्य और शिक्षकों ने ग्रामीण युवाओं एवं अभिभावकों से सीधे संवाद कर स्नातक स्तर की पढ़ाई, विशेषकर बीए में नामांकन, के लिए प्रेरित किया। युवाओं को उच्च शिक्षा के महत्व के साथ सरकार की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

प्रिंसिपल डॉ. दीपू महतो ने कहा कि शिक्षा केवल कॉलेज की कक्षा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जरूरत है कि शिक्षक स्वयं विद्यार्थियों और उनके परिवारों तक पहुंचकर उन्हें सही दिशा दिखाएं। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक या सामाजिक कारणों से उच्च शिक्षा से दूर युवाओं की पहचान कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
इस पहल में करियर मार्गदर्शन, छात्रवृत्ति की जानकारी और शिक्षा के प्रति जागरूकता को भी प्रमुखता दी जा रही है।







