IMG-20260930-WA0097
नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देते कलाकार

भागलपुर। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026–सेवा ही संस्कृति’ के तहत बुधवार को डॉन बॉस्को स्कूल, भागलपुर में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। संगीत नाटक अकादमी, नई दिल्ली की ओर से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित अभियान के तहत सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था आलय, भागलपुर ने ‘विरासत भी, विकास भी–स्वच्छता की नई कहानी’ नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का निर्देशन शशि शंकर ने किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित प्रस्तुति को सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने देखा। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। साथ ही सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक विकास को अपनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।
नाटक की कहानी के जरिए बताया गया कि विकास का अर्थ केवल तकनीक, ऊंची इमारतों और भौतिक सुविधाओं तक सीमित नहीं है। स्वच्छ सोच, अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी, प्रकृति के प्रति सम्मान और निःस्वार्थ सेवा भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
प्रस्तुति के अंत में कलाकारों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद किया और स्वच्छता के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
नाटक में विकास चंद्रा, श्वेता शंकर, अपूर्व गौरव, विक्रम बजरंगी, नीरज, शशिकांत और मिथिलेश ने विभिन्न भूमिकाएं निभाईं। कार्यक्रम के माध्यम से ‘विरासत भी, विकास भी’ की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

Share Now ➤

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *