
भागलपुर के हबीबपुर स्थित कुमारी बीवी के दरगाह पर सोमवार देर रात सालाना उर्स-ए-पाक अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ी। मगरिब की नमाज के बाद मजार शरीफ पर चादरपोशी की गई। अकीदतमंदों ने दुआएं मांगकर अपनी अकीदत का इजहार किया।
उर्स के अवसर पर मिलादुन्नबी कॉन्फ्रेंस का भी आयोजन किया गया। इसमें सैयद शाहनवाज आलम शाहबाजी, हाफिज गुलजार, अफजल रजा, हबीबपुर जामा मस्जिद के पेश इमाम मौलाना जमीरउद्दीन, मौलाना शफी रजा और मेराज वारसी समेत कई लोग शामिल हुए।
कॉन्फ्रेंस में वक्ताओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत और उनकी शिक्षाओं पर रोशनी डाली। उन्होंने इंसानियत, आपसी भाईचारे, अमन और मोहब्बत का संदेश देते हुए समाज में सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मजार कमेटी के मोहम्मद महताब आलम, मोहम्मद रेहान आलम उर्फ हीरा समेत अन्य लोगों की अहम भूमिका रही। उर्स के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल देखने को मिला।







