
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर बुजुर्ग महिला यात्री की सोने की चेन काटने के मामले में जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खगड़िया गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से धारदार ब्लेड और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
रेल डीएसपी आलोक कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक बुजुर्ग महिला यात्री की सोने की चेन काटने की शिकायत मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई।
रेल डीएसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वालों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है








