
भागलपुर में बिहार विधान परिषद कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर मतदान प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार, 8 अक्टूबर को मतदान पदाधिकारी द्वितीय एवं तृतीय का प्रशिक्षण डीआरडीए सभागार और समीक्षा भवन में प्रथम एवं द्वितीय पाली में आयोजित किया गया। नोडल पदाधिकारी की उपस्थिति में मास्टर प्रशिक्षकों ने मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्र अंकित करने के नियम, मतदान केंद्र का प्रबंधन, मतदान दल के कार्य एवं दायित्व, मतदान सामग्री, मतपत्र लेखा, पेपर सील लेखा और सीलिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही कानूनी चेतावनियों और निर्वाचन से संबंधित विशेष नियमों की भी जानकारी दी गई।
मास्टर प्रशिक्षकों ने बताया कि कोशी स्नातक निर्वाचन के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान दिवस पर अधिकारियों की जिम्मेदारियों, मतदान दल एवं अभिकर्ताओं की भूमिका, मतदान केंद्र की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निर्देश भी दिए गए।
प्रशिक्षण में मास्टर प्रशिक्षक ओज कुमार सिंह, प्रवीण कुमार, आशुतोष कुमार मिश्र, अमर नाथ झा, चंदन कुमार, मुस्ताक आलम, हसनैन, विनिता मिश्रा, हिमांशु शेखर ठाकुर एवं आरफा नाहिद ने प्रशिक्षण दिया।







