कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर जमा गंदा पानी

भागलपुर। लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाईपास चौक, जिच्छो स्थित जयदीप नगर कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में पिछले करीब एक पखवाड़े से भारी जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क और कॉलोनी में पानी जमा होने से आम लोगों का आवागमन प्रभावित है। बच्चों को स्कूल जाने और लोगों को जरूरी सामान लाने में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

जिच्छो से बाईपास को जोड़ने वाली सड़क किनारे जल जमाव

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि जल निकासी की समस्या को लेकर बीडीओ, मुखिया, स्थानीय थाना और संबंधित अधिकारियों को आवेदन के साथ फोन पर भी सूचना दी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क किनारे बना सरकारी नाला पेट्रोल पंप के आसपास नई दुकानों के निर्माण के कारण बंद हो गया है। इससे बारिश का पानी नाले के रास्ते बाहर नहीं निकल पा रहा है और लगातार जलजमाव बना हुआ है।
स्थिति बिगड़ने से स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता है। उनका कहना है कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से जलजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंद सरकारी नाले का तत्काल निरीक्षण कराकर उसे खुलवाने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

नाला बंद रहने से रिहायशी इलाके में घुसा पानी

लोगों की परेशानी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक पदाधिकारियों के मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समस्या और गंभीर हो सकती है।

Share Now ➤

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *