
भागलपुर: नाथनगर क्षेत्र के वार्ड नंबर-4 स्थित घोषी टोला में करीब एक सप्ताह से लोगों के बीच दहशत का कारण बने बंदर को आखिरकार वन विभाग की टीम ने गुरुवार को रेस्क्यू कर लिया। बंदर के लगातार हमलावर व्यवहार से स्थानीय लोगों में डर का माहौल था। कई लोगों के घायल होने की भी बात सामने आई थी।
बंदर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने लगातार तीन दिनों तक इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने संभावित ठिकानों पर नजर रखने के साथ स्थानीय लोगों की मदद भी ली। ग्रामीणों के सहयोग से आखिरकार बंदर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। रेस्क्यू के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सभी की नजर बंदर को पकड़ने की कार्रवाई पर रही।
डॉ. सुबोध कुमार ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग के बिना बंदर को पकड़ना काफी मुश्किल था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बंदर पिछले कई दिनों से राह चलते लोगों के पीछे दौड़कर हमला करने की कोशिश कर रहा था, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष रूप से भय का माहौल बना हुआ था।
बंदर के रेस्क्यू के बाद घोषी टोला समेत आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम और अभियान में सहयोग करने वाले ग्रामीणों का आभार जताया।








