
वैशाली जिले के तिसिऔता थाना क्षेत्र में देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने यात्रियों से भरे ई-रिक्शा (टोटो) में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। सभी का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
हादसा दभैच पेट्रोल पंप के समीप हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। दभैच पंचायत के वार्ड-02 निवासी सुकेश्वर मांझी के 21 वर्षीय पुत्र अमरजीत मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था और 15 दिन पहले जन्मे अपने बेटे को देखने घर लौट रहा था। परिवार में दो साल की बेटी और नवजात बेटे के बीच उसकी मौत से खुशियां मातम में बदल गईं।

वहीं, ई-रिक्शा चालक लक्ष्मण कुमार राय उर्फ लखन राय (38), निवासी दभैच पंचायत वार्ड-05, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीएमसीएच, पटना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ मामले की जांच में जुटी है।






